
मुंबई, 11 फरवरी। देशभर की प्रमुख बैंक यूनियनों ने 12 फरवरी को हड़ताल का एलान कर दिया है। इससे सरकारी बैंकों की सेवाओं पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने बुधवार को स्टॉक एक्सचेंज को फाइलिंग के जरिए इसकी सूचना दी।
ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉयी एसोसिएशन (एआईबीईए), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (एआईबीओए) और बैंक एम्प्लॉयी फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीईएफआई) ने संयुक्त रूप से यह कदम उठाया है। यूनियनें चार नए श्रम संहिताओं के खिलाफ हैं, जिन्हें वे कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ मानती हैं।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने कहा कि वह शाखाओं के सुचारू संचालन के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है, लेकिन हड़ताल से व्यवधान अपरिहार्य हो सकता है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक जैसे बड़े बैंक भी प्रभावित हो सकते हैं।
निजी बैंक जैसे एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, एक्सिस बैंक सामान्य रूप से चलेंगे। आरबीआई ने कोई छुट्टी घोषित नहीं की है।
यह पहली बार नहीं है। 27 जनवरी को भी यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग पर हड़ताल की थी। 23 जनवरी की बैठक बेनतीजा रही थी। यूएफबीयू नौ यूनियनों का मंच है।
ग्राहकों से अपील है कि जरूरी लेन-देन पहले ही पूरा कर लें। बैंकिंग क्षेत्र में श्रमिक असंतोष बढ़ रहा है, जिससे अर्थव्यवस्था पर असर पड़ सकता है।