यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन के बीच अलास्का में प्रस्तावित मुलाकात पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि यूक्रेन अपनी एक इंच भी ज़मीन नहीं देगा। यह बयान उन रिपोर्टों के बाद आया है जिनमें कहा गया था कि ट्रंप और पुतिन की बैठक में यूक्रेन और रूस के बीच क्षेत्रीय समझौते पर सहमति बन सकती है।
ज़ेलेंस्की ने सवाल किया कि दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन के बिना कोई समझौता कैसे हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा कोई फैसला होता है, तो यह शांति के खिलाफ एक बेहद खराब निर्णय होगा जो विफल हो जाएगा। ज़ेलेंस्की ने कहा कि जो भी फैसला यूक्रेन के खिलाफ होगा, वह शांति का विरोध है और उससे कुछ हासिल नहीं होगा। हमें ऐसी सच्ची शांति चाहिए जिसका सभी लोग सम्मान करें।
ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट में कहा कि ट्रंप और पुतिन की बैठक युद्ध से बहुत दूर अलास्का में हो रही है, जो हमारी ज़मीन पर हमारे लोगों के खिलाफ चल रहा है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि यह यूक्रेन के बिना समाप्त नहीं हो सकता। ज़ेलेंस्की ने कहा कि पुतिन को हमारे लोगों पर विश्वास नहीं था, इसलिए उन्होंने यूक्रेन पर कब्ज़ा करने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि यूक्रेनियन मज़बूत हैं और अपनी रक्षा करना जानते हैं।
ज़ेलेंस्की ने इस बात पर ज़ोर दिया कि युद्ध के दौरान यूक्रेन का उन लोगों ने भी साथ दिया जो पहले रूस का समर्थन करते थे, क्योंकि वे जानते थे कि पुतिन गलत काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मॉस्को को उसकी आक्रामकता और क्रूरता के लिए पुरस्कृत नहीं किया जा सकता है। ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस को युद्ध समाप्त करना होगा, क्योंकि इसकी शुरुआत उसी ने की थी। उन्होंने कहा कि रूस युद्ध को खींच रहा है, यही समस्या है। ज़ेलेंस्की ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि यूक्रेन संविधान के अनुसार चलता है और यूक्रेनी अपनी ज़मीन किसी को नहीं दे सकते। उन्होंने ट्रंप के साथ शांति पर बातचीत करने और स्थायी शांति के लिए काम करने की पेशकश भी की।