
बीजिंग, 13 जनवरी। चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के महासचिव और राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मंगलवार को पेइचिंग में 20वें सीपीसी केंद्रीय अनुशासन निरीक्षण आयोग के पांचवें पूर्ण सत्र में महत्वपूर्ण भाषण दिया।
उन्होंने पार्टी के समग्र नेतृत्व को मजबूत रखते हुए ऊंचे मानकों और ठोस उपायों से सख्त पार्टी शासन को बढ़ावा देने पर बल दिया। सीपीसी केंद्रीय समिति के प्रमुख निर्णयों को सशक्त ढंग से लागू करना, सत्ता को संस्थागत ढांचे में बांधना तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष तेज करना जरूरी बताया। इससे 15वीं पंचवर्षीय योजना के लक्ष्यों को हासिल करने की मजबूत गारंटी मिलेगी।
शी ने 2025 में पार्टी की कार्यशैली सुधार, स्वच्छ शासन निर्माण और भ्रष्टाचार विरोधी प्रयासों में उल्लेखनीय सफलताओं का जिक्र किया। केंद्रीय समिति के फैसलों का पालन उसकी प्रतिष्ठा और नेतृत्व की रक्षा के लिए अनिवार्य है।
पार्टी के आत्म-सुधार का मूल सत्ता का प्रभावी प्रबंधन है। उन्होंने सत्ता को संस्थागत ‘पिंजरे’ में कैद करने के प्रयासों को तेज करने का आह्वान किया।
भ्रष्टाचार पार्टी व राष्ट्र के विकास में बड़ा खतरा है। यह संघर्ष लंबा और कठिन है, जिसे पार्टी कभी हार नहीं सकती। वर्तमान परिस्थितियां जटिल हैं, भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हैं। इन्हें पूरी तरह उखाड़ फेंकना होगा ताकि भ्रष्ट तत्वों को कोई ठिकाना न मिले।