
नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए, चीन थ्री गॉर्जेस ग्रुप ने फुच्येन प्रांत के समुद्री क्षेत्र में विश्व के पहले 20 मेगावाट अपतटीय पवन जनरेटर-सेट को सफलतापूर्वक कमीशन कर ग्रिड से जोड़ दिया है। यह इकाई तट से 30 किलोमीटर दूर और 40 मीटर गहरे पानी में स्थापित की गई है, जो गहरे समुद्र में पवन ऊर्जा के विस्तार की नई संभावनाएं खोलती है।
इस विशालकाय संरचना का हब ऊंचाई 174 मीटर है, जो 58 मंजिला इमारत के बराबर है। इम्पेलर का व्यास 300 मीटर है, जिसका स्वीप क्षेत्र 10 स्टैंडर्ड फुटबॉल मैदानों के समान है। सामान्य परिस्थितियों में यह सालाना 8 करोड़ किलोवाट-घंटे से अधिक बिजली पैदा करेगा, जो करीब 44,000 घरों की जरूरत पूरी करने और 22,000 टन कोयले की बचत के बराबर है।
चीन में स्वदेशी एयरफॉइल ब्लेड्स का उपयोग किया गया है, जो हल्के डिजाइन और डिजिटल एकीकरण से प्रति मेगावाट वजन में उद्योग औसत से 20 प्रतिशत से ज्यादा कमी लाते हैं। इससे पवन संग्रहण और उत्पादन दक्षता में जबरदस्त सुधार हुआ है।
यह उपलब्धि चीन की अनुसंधान, निर्माण, स्थापना और संचालन क्षमताओं का नया मील का पत्थर है। गहरे समुद्र में अपतटीय पवन परियोजनाओं के लिए यह तकनीकी आधार प्रदान करती है, जो वैश्विक स्वच्छ ऊर्जा क्रांति को गति देगी।