
ढाका में 12 फरवरी को हुए संसदीय चुनावों के नतीजे बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के लिए शानदार साबित हो रहे हैं। वोट गिनती जारी होने के बीच बीएनपी गठबंधन ने 210 सीटें हासिल कर ली हैं, जिससे नई सरकार का रास्ता साफ हो गया है। पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान देश के नेतृत्व संभालने को तैयार हैं, जो 35 साल बाद किसी पुरुष प्रधानमंत्री की वापसी का संकेत देता है।
अमेरिकी राजदूत ब्रेंट टी. क्रिस्टेंसन ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट कर बीएनपी और तारिक रहमान को ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘बांग्लादेश के लोगों को सफल चुनाव और बीएनपी व तारिक रहमान को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई। अमेरिका दोनों देशों की समृद्धि व सुरक्षा के साझा लक्ष्यों के लिए आपके साथ काम करने को तैयार है।’
तारिक रहमान ने ढाका-17 से 72,699 वोट हासिल कर जमात-ए-इस्लामी के एस.एम. खालिदउज्जमां (68,300 वोट) को हराया। बोगरा-6 में उन्हें 216,284 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी अबिदुर रहमान सोहेल को 97,626। वोट डालने के बाद उन्होंने पार्टी की जीत पर 100 प्रतिशत भरोसा जताया था।
जीत के बाद तारिक ने जुमे की नमाज के बाद देशभर में खास दुआ का ऐलान किया, लेकिन जीत की रैलियों पर रोक लगा दी। पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान व पूर्व पीएम खालिदा जिया के बेटे तारिक ने मां की मृत्यु के बाद पार्टी की कमान संभाली। द डेली स्टार व प्रोथोम अलो जैसे मीडिया ने इन अपडेट्स को प्रमुखता दी। यह जीत बांग्लादेश के राजनीतिक परिदृश्य को नया आयाम देगी।