
मैक्सिको में ड्रग तस्करी के कुख्यात सरगना एल मेंचो के खात्मे के बाद पूरे देश में हिंसा की लहर दौड़ गई है। इस बीच व्हाइट हाउस ने बड़ा खुलासा किया है कि अमेरिका ने मैक्सिकन सरकार को इस सफल अभियान में खुफिया जानकारी प्रदान की थी। जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (सीजेएनजी) के नेता नेमेसियो ‘एल मेंचो’ ओसेगुएरा को जलिस्को प्रांत के टपालपा में मार गिराया गया।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर बताया कि अमेरिकी इंटेलिजेंस सपोर्ट से यह ऑपरेशन संभव हुआ। उन्होंने कहा कि एल मेंचो अमेरिका और मैक्सिको दोनों के लिए शीर्ष लक्ष्य था, क्योंकि वह फेंटानिल का प्रमुख तस्कर था। राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले साल सीजेएनजी को विदेशी आतंकी संगठन घोषित किया था।
ऑपरेशन में कार्टेल के तीन अन्य सदस्य मारे गए, तीन घायल हुए और दो गिरफ्तार किए गए। लेविट ने मैक्सिकन सेना की तारीफ की। इसके बाद तमाउलिपास, मिचोआकन और नायरिट जैसे राज्यों में भारी हिंसा भड़क गई। सड़कें अवरुद्ध, वाहन जलाए गए और हथियारबंद झड़पें हुईं।
राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने शांति की अपील की और सभी राज्यों के साथ समन्वय का भरोसा दिलाया। अमेरिकी उपविदेश सचिव क्रिस्टोफर लैंडौ ने इसे लैटिन अमेरिका के लिए बड़ी जीत बताया। यह घटना अमेरिका-मैक्सिको सहयोग की मिसाल है, लेकिन कार्टेल की कमजोर कड़ी से नई अस्थिरता का खतरा मंडरा रहा है।