
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण में अवैध अप्रवासियों को व्यावसायिक ड्राइवर लाइसेंस देने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए ‘डेलिला लॉ’ नामक संघीय कानून बनाने की मांग की। उन्होंने कैलिफोर्निया में हुई एक दर्दनाक ट्रक दुर्घटना का जिक्र किया, जिसमें एक मासूम बच्ची डेलिला कोलमैन गंभीर रूप से घायल हुई थी।
ट्रंप ने कहा, ‘मैं कांग्रेस से अपील करता हूं कि ‘डेलिला लॉ’ पास करे, जो किसी भी राज्य को अवैध प्रवासियों को कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस न देने दे।’ भाषण के दौरान डेलिला सार्वजनिक दीर्घा में मौजूद थीं। जब ट्रंप ने उनका नाम लिया, तो सभी खड़े होकर तालियां बजाईं और उनके पिता मार्कस ने उन्हें गोद में उठा लिया।
जून 2024 में कैलिफोर्निया के एक कंस्ट्रक्शन जोन में प्रताप सिंह नामक अवैध प्रवासी तेज रफ्तार में 18 चक्कों वाला ट्रक चला रहा था। मैक्सिको के रास्ते अक्टूबर 2022 में अमेरिका घुसा यह ड्राइवर सड़क संकेतों को न पढ़ पाने के कारण रुक नहीं सका, जिससे कई गाड़ियां आपस में टकराईं और कई लोग जख्मी हुए।
डॉक्टरों ने कहा था कि डेलिला कभी चल-फिरक नहीं पाएंगी, बोल नहीं पाएंगी। लेकिन आज वह पहली कक्षा में पढ़ रही हैं और चलना सीख रही हैं। ट्रंप ने उन्हें प्रेरणा बताया। उन्होंने जो बाइडेन की सीमा नीतियों और कैलिफोर्निया की खुली नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।
अधिकांश अवैध प्रवासी अंग्रेजी नहीं जानते, इसलिए दिशा-गति-खतरे के संकेत समझ नहीं पाते। गृह सुरक्षा विभाग ने सिंह की पहचान की पुष्टि की। यह कानून राज्यों की स्वायत्तता को चुनौती देगा, लेकिन सड़क सुरक्षा को मजबूत करेगा। डेलिला की कहानी पूरे अमेरिका में बहस छेड़ रही है।