
वाशिंगटन। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी नागरिकों को सस्ती दवाओं का तोहफा दिया है। ट्रंपआरएक्स.गॉव नामक नई वेबसाइट का शुभारंभ करते हुए उन्होंने दावा किया कि यह अमेरिकी इतिहास की सबसे बड़ी दवा मूल्य कमी है। इस साइट से आम प्रिस्क्रिप्शन दवाओं पर भारी छूट मिलेगी, जिससे लोग पैसे बचाएंगे और स्वस्थ रहेंगे।
साइट पर जाकर कूपन डाउनलोड करें और किसी भी फार्मेसी में भुनाएं। ट्रंप ने इसे ‘अमेरिका फर्स्ट’ नीति का हिस्सा बताया, जहां विदेशी देश अमेरिकी दवाएं सस्ते में खरीदते हैं, लेकिन अमेरिकियों को तीन गुना ज्यादा चुकाना पड़ता है। अब ‘मोस्ट फेवर्ड नेशन’ मॉडल से सबसे कम वैश्विक कीमत लागू होगी।
ट्रंप बोले, “हम दुनिया की सबसे सस्ती दर चुकाएंगे।” दुनिया की 17 बड़ी दवा कंपनियों में 16 ने समझौते साइन किए हैं। टैरिफ की धमकी से कंपनियां राजी हुईं। नई दवाओं पर भी यही नियम।
मेडिकेयर प्रमुख मेहमत ओज ने कहा, “तीन में से एक अमेरिकी दवा नहीं खरीद पाता। अब साइट चेक करें।” शुरुआत में 40 से ज्यादा दवाएं, जैसे फाइजर, एलआई लिली की। डिजाइन अधिकारी जो गेब्बिया ने बताया, साइट लगातार अपडेट होगी।
यह 2025 के आदेश और समझौतों का नतीजा है। ट्रंप ने कांग्रेस से ‘ग्रेट हेल्थकेयर प्लान’ पास करने को कहा। सस्ती दवाओं की इस पहल से स्वास्थ्य क्षेत्र में नया दौर शुरू हो सकता है।