
बैंकॉक। थाईलैंड के दक्षिणी हिस्से में सोंगखला प्रांत के एक स्कूल में बुधवार को भयानक घटना घटी। एक हथियारबंद व्यक्ति ने स्कूल में घुसकर शिक्षकों और छात्रों को बंधक बना लिया। लंबी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया।
स्थानीय प्रशासन ने सोशल मीडिया के जरिए हमले की पहली सूचना दी। हाट याई जिले के टैम्बोन पातोंग स्थित पातोंग प्रथान खिरिवात स्कूल पर यह हादसा हुआ। माए ताप्तिम याला फाउंडेशन ने फेसबुक पर शाम करीब पांच बजे खबर साझा की कि हथियारबंद ने गोलीबारी की और लोगों को बंधक बनाया।
स्कूल का दिन समाप्त होने को था जब हमलावर अंदर दाखिल हुआ। उसने कुछ शिक्षकों व छात्रों को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि कई बच्चे इमारत के अंदर फंस गए। एक घायल शिक्षक को तुरंत अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने तत्काल विशेष बल तैनात कर स्कूल को घेर लिया। बचाव दल भेजे गए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। जिला और गांव के प्रमुखों को बातचीत के लिए साथ लाया गया।
लोगों को स्कूल के आसपास न आने और केवल आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करने की हिदायत दी गई। हाट याई पुलिस स्टेशन, विशेष अभियान दस्ते और रेस्क्यू टीमों ने मिलकर स्थिति संभाली। अंततः बंधक छोड़ने को मजबूर कर हमलावर को गिरफ्तार किया गया।
यह घटना थाईलैंड में स्कूल सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है। जांच में हमलावर के मंसूबों का पता लगाया जा रहा है।