
केप टाउन। दक्षिण अफ्रीका के वेस्टर्न केप प्रांत में जंगलों में भड़की आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। एक लाख हेक्टेयर से अधिक वन भूमि जलकर राख हो चुकी है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। ईस्टर्न केप के कुछ हिस्सों में भी आग फैल चुकी है।
प्रदेश के प्रीमियर एलन विंड ने सार्वजनिक प्रसारक एसएबीसी को बताया कि आग पूरे वेस्टर्न केप में फैल चुकी है। मोसेल बे में सबसे अधिक तबाही हुई है, जबकि केपटाउन के डु नून और पर्ली बीच जैसे क्षेत्र भी प्रभावित हैं। अब तक कोई मौत नहीं हुई, लेकिन मोसेल बे में एक छोटी बच्ची को अस्पताल में भर्ती किया गया और कई दमकलकर्मी धुएं से प्रभावित हुए।
आग बुझाने के लिए हेलीकॉप्टरों की संख्या बढ़ा दी गई है, जिसमें सैन्य हेलीकॉप्टर भी शामिल है। मोसेल बे नगर पालिका ने शनिवार सुबह कहा कि फिलहाल सक्रिय आग नहीं है, लेकिन शुष्क मौसम और तेज हवाओं के कारण सतर्कता बरती जा रही है।
पर्ली बीच में ओवरस्ट्रैंड नगर पालिका ने लोगों को निकालना शुरू कर दिया है। प्रबंधक डीन ओ’नील ने कहा कि लोगों की जान बचाना पहली प्राथमिकता है। एलक्सोलवेनी और ब्रॉडवे स्ट्रीट के निवासियों को सामुदायिक भवनों में पहुंचाया जा रहा है।
ईस्टर्न केप के कौगा नगर पालिका में दमकलकर्मी आग से जूझ रहे हैं। प्रीमियर लुबाबालो ऑस्कर माबुयाने ने चिंता जताई कि गर्मी के मौसम में पर्यटन चरम पर है और महत्वपूर्ण स्थल खतरे में हैं। स्थिति नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं।