
गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनावों में भाजपा नीत एनडीए की शानदार जीत के बाद हिमंता बिस्वा सरमा को दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बनने पर भारत में सिंगापुर के उच्चायोग ने हार्दिक बधाई दी है। उच्चायुक्त साइमन वोंग ने सोशल मीडिया एक्स पर सरमा को शुभकामनाएं देते हुए असम के विकास में सिंगापुर की प्रतिबद्धता दोहराई।
वोंग ने पोस्ट में कहा, ‘हमारे प्रिय मित्र हिमंता बिस्वा सरमा को हार्दिक बधाई। मुख्यमंत्री के रूप में आपका नया कार्यकाल असम को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। भरोसेमंद दोस्त के रूप में हम असम के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।’
एनडीए की जीत से सरमा का दूसरा कार्यकाल तय हो गया है। वे सोमवार को दोपहर करीब 11:40 बजे गुवाहाटी में शपथ लेंगे। सिंगापुर असम का प्रमुख साझेदार बन चुका है, खासकर एक्ट ईस्ट पॉलिसी के तहत।
हाल के वर्षों में दोनों के बीच औद्योगिक निवेश, तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर और स्किल डेवलपमेंट में सहयोग बढ़ा है। एडवांटेज असम 2.0 कार्यक्रम में ग्रीन एनर्जी, सेमीकंडक्टर और शहरी नियोजन पर जोर है।
जगीरोड इलेक्ट्रॉनिक सिटी में सिंगापुर कंपनियां सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित कर रही हैं। जनवरी 2026 में सरमा ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में सिंगापुर राष्ट्रपति से मुलाकात की। नर्सिंग ट्रेनिंग के लिए एमओयू भी हुआ है।
सरमा के दूसरे कार्यकाल में एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, स्वच्छ ऊर्जा, हेल्थकेयर और शहरी विकास में साझेदारी और मजबूत होगी। यह असम की प्रगति को नई गति देगी।
