15 अगस्त को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अलास्का में मुलाकात होने वाली है। ट्रंप के दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात होगी। इस बीच, एक रिपोर्ट सामने आई है जिसमें खुलासा हुआ है कि यूक्रेन में पिछले तीन वर्षों से जारी युद्ध में 1 लाख 21 हजार 507 रूसी सैनिक मारे गए हैं। रूसी स्वतंत्र मीडिया आउटलेट मेडियाजोना ने बीबीसी रूसी सर्विस के साथ मिलकर इन आंकड़ों की पुष्टि की है। यह रिपोर्ट 24 फरवरी 2022 से 31 जुलाई 2025 के बीच की है। जुलाई की शुरुआत में पिछला अपडेट आने के बाद से 2,353 और रूसी सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, मारे गए लोगों में 33,100 स्वयंसेवक, 18,000 जेल से भर्ती कैदी, और 13,300 जबरन भर्ती किए गए सैनिक शामिल हैं। इसके अलावा, 5,400 से ज्यादा अफसर भी मारे जा चुके हैं। यूक्रेन के युद्धबंदी मामलों के मुख्यालय का कहना है कि 12 जून तक, 1 लाख से ज्यादा रूसी परिवारों ने अपने लापता सैनिकों की जानकारी के लिए यूक्रेनी पहल से संपर्क किया। यूक्रेन की जनरल स्टाफ का अनुमान है कि रूस ने 10,65,220 सैनिक खोए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस का नुकसान यूक्रेन के मुकाबले लगभग तीन गुना है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि सिर्फ जुलाई में ही 60,000 रूसी सैनिक मारे गए। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 1 अगस्त को दावा किया था कि यह संख्या करीब 20,000 के आसपास है।