
नई दिल्ली। शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान से भारत और बांग्लादेश के बीच खराब हो चुके रिश्तों को सुधारने तथा वहां हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के बल पर सत्ता में आए तारिक रहमान इन मूल्यों को बनाए रखते हुए दोनों देशों के संबंधों को पटरी पर लाने का प्रयास करें। पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान समर्थित कट्टरवादियों द्वारा हिंदुओं पर हुए हमलों, लिंचिंग और हत्याओं का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि नई सरकार को इन पर तुरंत अंकुश लगाना चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा दिलानी चाहिए।
मोहम्मद युनूस के कार्यकाल पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने उन्हें पाकिस्तान का कठपुतली करार दिया, जिसने भारत-बांग्लादेश संबंधों को नुकसान पहुंचाने का काम किया। युनूस ने हिंदुओं पर अत्याचारों को अनदेखा किया और हिंसा को बढ़ावा दिया।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के भारत दौरे का स्वागत करते हुए प्रियंका ने कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, रक्षा सहयोग, व्यापार संबंध तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित गठबंधन दिनोंदिन मजबूत हो रहा है। इससे वैश्विक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और दोनों देशों के नागरिकों का जीवन स्तर ऊंचा होगा।