
लिस्बन। जनवरी के अंत से पुर्तगाल को जकड़ रहे तूफानों की मार से अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है। ताजा हादसे में दक्षिणी सेरपा क्षेत्र के पियास के पास अमोरेइरा बांध के निकट 64 वर्षीय व्यक्ति की कार बाढ़ के तेज बहाव में बह गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
लूसा एजेंसी के अनुसार, राष्ट्रीय रिपब्लिकन गार्ड अधिकारी ने बताया कि सड़क पर पानी बेहद तेजी से भर रहा था। बाढ़ चरम पर थी और अचानक बहाव ने कार को अपनी चपेट में ले लिया।
हाल के दिनों में देश कई तूफानी घटनाओं का शिकार रहा। तूफान क्रिस्टिन ने सबसे अधिक तबाही मचाई, जबकि लियोनार्डो ने बुधवार से प्रभाव जमाना शुरू किया। इनसे पूरे देश में भारी नुकसान हुआ है।
तूफान क्रिस्टिन के बाद प्रधानमंत्री लुईस मोंटेनेग्रो ने प्रभावित परिवारों व कारोबारियों के लिए 2.5 अरब यूरो का राहत पैकेज घोषित किया। इस तूफान में आठ लोगों की मौत हुई थी। सरकार ने राष्ट्रीय आपदा की स्थिति 8 फरवरी तक बढ़ा दी।
मंत्रिपरिषद की आपात बैठक में पैकेज में घरों का पुनर्निर्माण, परिवारों को आय सहायता, कारोबारियों को नकदी मदद, कर-ऋण राहत शामिल की गई। बीमा रहित मुख्य घरों, कृषि व वानिकी के लिए 10 हजार यूरो तक अनुदान मिलेगा। आय प्रभावित परिवारों को प्रति व्यक्ति 537 यूरो, अधिकतम 10,075 यूरो तक सहायता।
प्रभावित कारोबारियों को छह माह सामाजिक सुरक्षा अंशदान में छूट, तीन माह की छंटनी योजना और ऋण पर 90 दिन (12 माह तक बढ़ा सकने योग्य) मोहलत। सरकार ने कारोबार मजबूती के लिए 1.5 अरब यूरो की ऋण सुविधाएं भी शुरू कीं। परिवहन, सार्वजनिक भवन व सांस्कृतिक धरोहर की मरम्मत के लिए अतिरिक्त धन।
लेइरिया, कोइम्ब्रा, सांतारेम व लिस्बन सबसे ज्यादा प्रभावित। क्रिस्टिन से आठ मौतें। सरकार राहत कार्य तेज कर रही है।