
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7-8 फरवरी 2026 को मलेशिया की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे। मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम के न्यौते पर हो रही यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकेत देती है। यह पीएम मोदी की मलेशिया की तीसरी यात्रा होगी, जो अगस्त 2024 में ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ घोषित होने के बाद पहली है।
यात्रा के दौरान द्विपक्षीय बैठकें व्यापार व निवेश बढ़ाने, रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल व वित्तीय तकनीक, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन और जन-संपर्क जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित रहेंगी। दोनों नेता इन मुद्दों पर गहन समीक्षा करेंगे और भविष्य की योजनाएं बनाएंगे।
भारत-मलेशिया के संबंध ऐतिहासिक व सांस्कृतिक जड़ों पर टिके हैं। मलेशिया में 29 लाख से अधिक भारतीय प्रवासी समुदाय की मौजूदगी इन बंधनों को और मजबूत बनाती है, जो वैश्विक स्तर पर तीसरा सबसे बड़ा है।
पीएम मोदी भारतीय समुदाय, उद्योगपतियों और व्यापार प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। यात्रा के साथ ही 10वां भारत-मलेशिया सीईओ फोरम भी आयोजित होगा, जो व्यावसायिक साझेदारियों को गति देगा।
यह यात्रा दोनों देशों के लिए सहयोग के पूरे दायरे की पड़ताल और पारस्परिक लाभकारी परियोजनाओं की रूपरेखा तैयार करने का सुनहरा मौका साबित होगी। वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की सक्रिय कूटनीति का यह एक और उदाहरण है।