
इजरायल में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अनोखा अंदाज अपनाया। रात्रिभोज के दौरान उन्होंने पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर सभी को हैरान कर दिया, खासकर पीएम मोदी को।
नेतन्याहू ने खुद सोशल मीडिया एक्स पर इस मजेदार पल को साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘हमारे संयुक्त डिनर से पहले, मैंने अपने मित्र पीएम मोदी को भारतीय परिधान में सरप्राइज दिया।’ यह तस्वीर तेजी से वायरल हो गई।
इससे पूर्व एयरपोर्ट पर नेतन्याहू दंपति ने मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। सारा नेतन्याहू ने हाथ मिलाते हुए जब मोदी से बात की, तो नेतन्याहू ने उनकी केसरिया पोशाकों पर नजर डाली और हंसते हुए बोले, ‘देखो, मेरी पत्नी का केसरिया और आपका भी मैच कर रहा है।’ तीनों के ठहाके गूंज उठे।
मोदी ने इजरायली संसद को संबोधित कर इतिहास रचा। सांसदों ने खड़े होकर अभिवादन किया और स्पीकर ने हिंदी में स्वागत किया। नेतन्याहू ने कहा, ‘नरेंद्र, मेरे प्यारे मित्र, आपका यहां आना इजरायल के महान मित्र के रूप में बेहद खुशी का विषय है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘आप भाई से बढ़कर हैं। पिछली यात्रा में हमने भूमध्यसागर तट पर जूते उतारे थे। तब से हमने व्यापार दोगुना, सहयोग तिगुना और समझ चौगुनी कर ली है।’
भारत-इजरायल संबंधों की मजबूती का यह दौर नई ऊंचाइयों की ओर इशारा करता है। सांस्कृतिक आदान-प्रदान से द्विपक्षीय भागीदारी और सशक्त होगी।