
काठमांडू में आज 5 मार्च को आम चुनावों के लिए जबरदस्त उत्साह का माहौल है। 275 सीटों के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। सुबह से ही पोलिंग बूथों पर लंबी-लंबी लाइनों में लोग खड़े नजर आ रहे हैं। सभी आयु वर्ग के मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
नेशनल इंडिपेंडेंट पार्टी के वरिष्ठ नेता बालेंद्र शाह ने सिनामंगल के अन्नपूर्णा इंग्लिश स्कूल में बने मतदान केंद्र पर वोट डाला। मतदान स्थलों पर युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक का जोश देखने लायक है। सिनामंगल निवासी संजिया श्रेष्ठा, जो दृष्टिबाधित हैं, ने कहा कि जिम्मेदार नागरिक होने के नाते वोट देना उनका कर्तव्य है।
उनका मानना है कि अगले पांच वर्षों में देश की दशा चुनाव परिणामों और नागरिकों की ईमानदार भागीदारी पर निर्भर करेगी। उन्होंने दिव्यांगजनों की दयनीय स्थिति पर चिंता जताई। स्वयं दृष्टिबाधित होने के कारण वे चाहती हैं कि नई सरकार ऐसी योजनाएं बनाए, जिनसे दिव्यांगों का आर्थिक सशक्तिकरण, अवसर और सुखी जीवन सुनिश्चित हो।
एक अन्य मतदाता ने सुरक्षा और सुशासन को प्राथमिकता बताई। उनके अनुसार, देश सुरक्षित और शासन मजबूत होने पर ही विकास, रोजगार व सुविधाओं पर ध्यान दिया जा सकता है। मतदाता उम्मीद कर रहे हैं कि बनी सरकार समाज के हाशिए पर जी रहे लोगों की परेशानियों को समझेगी और कल्याणकारी कदम उठाएगी।