
मैक्सिको की सुरक्षा बलों ने संगठित अपराध की दुनिया को बड़ा झटका देते हुए जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल के सरगना नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंट्स उर्फ ‘एल मेंचो’ को मार गिराया है। इस कार्रवाई की पुष्टि अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ ने की, जिन्होंने इसे मैक्सिको, अमेरिका, लैटिन अमेरिका और पूरी दुनिया के लिए ऐतिहासिक बताया।
लैंडौ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अच्छे लोग बुरे लोगों से ज्यादा शक्तिशाली होते हैं। उन्होंने हिंसा पर चिंता जताते हुए कहा कि अपराधियों का डर भरा जवाब स्वाभाविक है, लेकिन हिम्मत नहीं हारनी चाहिए।
कार्टेल लीडर की मौत के बाद ग्वाडलहारा, प्यूर्टो वालार्टा समेत कई इलाकों में भयानक हिंसा भड़क उठी। संदिग्ध गैंग सदस्यों ने गाड़ियों में आग लगा दी, हाईवे जाम कर दिए और सुरक्षा बलों से झड़पें कीं। बसें और दुकानें जलाकर सड़कों पर अफरा-तफरी मचा दी गई।
वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, यह ऑपरेशन संगठित अपराध के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा प्रहार था। वॉशिंगटन पोस्ट ने बताया कि सीजेएनजी के कब्जे वाले क्षेत्रों में आग और तोड़फोड़ का दौर चल पड़ा। फॉक्स न्यूज और सीएनएन ने जलिस्को में सैन्य कार्रवाई और उसके बाद के दंगों का जिक्र किया।
एल मेंचो पर अमेरिका में फेंटानिल और मेथामफेटामाइन की तस्करी के आरोप थे। यूएस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 15 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित किया था। यह कार्रवाई वाशिंगटन के लगातार दबाव के बीच हुई, हालांकि मैक्सिको ने अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप ठुकरा दिया।
अमेरिकी नागरिकों के लिए इमरजेंसी नंबर जारी: यूएस/कनाडा से 1-888-407-4747, विदेश से +1 202-501-4444। एल मेंचो की मौत कार्टेल युद्ध में नया मोड़ ला सकती है, लेकिन हिंसा की आग कब बुझेगी, यह सवाल बरकरार है।