
मास्को से बड़ा बयान आया है। रूस के सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने यूरोपीय देशों को ‘मूर्ख’ करार देते हुए साफ चेतावनी दी है कि यूक्रेन में किसी भी यूरोपीय या नाटो सैनिक की मौजूदगी मास्को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर यह बात अंग्रेजी में लिखी और साथ में ओरेश्निक हाइपरसोनिक मिसाइल के हमले का वीडियो शेयर किया, जिसमें यूक्रेन की महत्वपूर्ण संरचनाएं तबाह दिख रही हैं।
मेदवेदेव ने लिखा, ‘यूरोपीय देशों के सत्ताधारी मूर्ख यूरोप में जंग चाहते हैं। हमने हजार बार कहा है: रूस यूक्रेन में किसी यूरोपीय या नाटो सैनिक को स्वीकार नहीं करेगा।’ उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों के प्रस्ताव को बकवास बताते हुए वीडियो के साथ कहा, ‘ठीक है, तो चलो। यही तुम्हें मिलेगा।’
यह बयान उस वक्त आया जब फ्रांस और ब्रिटेन ने शांति समझौते के बाद यूक्रेन में शांति सैनिक भेजने का ऐलान किया है। रूस इसे वैध निशाना मानता है। रूसी अधिकारी पहले ही पश्चिमी सुरक्षा गारंटी को ठुकरा चुके हैं, खासकर नाटो की संलिप्तता वाली।
मेदवेदेव ने पहले भी ब्रिटेन की तैनाती को रूस के खिलाफ युद्ध घोषणा कहा था। हाल ही में रूसी रक्षा मंत्रालय ने वीडियो जारी कर ओरेश्निक मिसाइलों के हमले का दावा किया, जो पुतिन के आवास पर कथित हमले का बदला था। पुतिन के मुताबिक, ये मिसाइलें ध्वनि की गति से 10 गुना तेज हैं और इन्हें रोका नहीं जा सकता।
पश्चिमी देश यूक्रेन को हथियार दे रहे हैं, लेकिन मॉस्को इसे युद्ध में कूदने का संकेत मानता है। मेदवेदेव का यह बयान तनाव को नई ऊंचाई दे रहा है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय चिंतित है कि कहीं यह यूरोप को व्यापक जंग की ओर न धकेल दे।