
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यममंत्री ममता बनर्जी ने बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की शानदार जीत पर तारिक रहमान को हार्दिक बधाई दी है। गुरुवार को हुए मतदान के नतीजे शुक्रवार को सामने आए, जिनमें बीएनपी को जबरदस्त सफलता मिली।
ममता ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट साझा कर बांग्लादेश की जनता को शांतिपूर्ण चुनाव के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, ‘बांग्लादेश के सभी भाइयों-बहनों को हार्दिक बधाई, शुभोनंदन। अग्रिम रमजान मुबारक। इस बड़ी जीत के लिए मेरे तारिक भाई, उनकी पार्टी और सभी दलों को बधाई। आप सभी सुखी-स्वस्थ रहें, प्रार्थना है। हमारे बांग्लादेश के साथ संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण रहें।’
इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तारिक रहमान को बधाई संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि यह जीत बांग्लादेश जनता का रहमान के नेतृत्व पर विश्वास दर्शाती है। भारत लोकतांत्रिक बांग्लादेश का समर्थन करता रहेगा और द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने को तैयार है।
पश्चिम बंगाल में विपक्षी भाजपा के नेताओं सुवेंदु अधिकारी और समिक भट्टाचार्य ने अभी चुप्पी साध रखी है। पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने पीएम का पोस्ट शेयर किया, जबकि दिलीप घोष ने कहा कि भारत-बांग्लादेश संबंध और मजबूत होंगे। यह घटनाक्रम क्षेत्रीय राजनीति में नई गतिशीलता ला सकता है।