
मुंबई। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों ने मंगलवार को भारत यात्रा का आगाज मुंबई में 2008 के 26/11 आतंकी हमलों के शहीदों को श्रद्धांजलि देकर किया। इस भावुक क्षण ने दोनों देशों के मजबूत रिश्तों को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा सहयोग, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी नई तकनीकें और वैश्विक चुनौतियां प्रमुख रहेगी। 17 से 19 फरवरी तक चलने वाली इस यात्रा से रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है।
शाम को दोनों नेता भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर 2026 का शुभारंभ करेंगे। उद्योगपतियों, स्टार्टअप संस्थापकों, शोधकर्ताओं और नवोन्मेषकों को संबोधित करते हुए सहयोग के नए द्वार खोलेंगे।
मैक्रों दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे। मुंबई हवाईअड्डे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भव्य स्वागत किया।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘आपके आगमन से हमारे संबंध नई ऊंचाइयों को छुएंगे। सभी क्षेत्रों में सहयोग मजबूत होगा और वैश्विक प्रगति को गति मिलेगी। मुंबई व दिल्ली में मिलते हैं, प्रिय मित्र इमैनुएल।’
यह मैक्रों का भारत का चौथा दौरा है। पहले 2018 में पहली यात्रा, 2023 में जी20 और 2024 में गणतंत्र दिवस मुख्य अतिथि के रूप में आए। मुंबई में पहली आधिकारिक यात्रा।
1998 से रणनीतिक साझेदारी वाले भारत-फ्रांस रक्षा, अंतरिक्ष, ऊर्जा व तकनीक में अग्रणी हैं। पीएमओ के अनुसार, साझेदारी की प्रगति की समीक्षा होगी, जो भविष्य के सहयोग को मजबूत करेगी।