
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को एक सप्ताह से अधिक हो चुका है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे पर ईरान ने सख्ती से खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान ने अपने पड़ोसी देशों से माफी मांग ली है। तेहरान अस्पताल में घायल नागरिकों से मिलने के बाद राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने स्पष्ट संदेश दिया कि ईरान दुश्मनों के आगे झुकेगा नहीं।
ट्रंप ने दावा किया कि उनके हमलों के दबाव में ईरान ने पश्चिम एशिया के उन देशों से क्षमा याचना की जहां उसने हवाई हमले किए। लेकिन पेजेश्कियन ने इसे दुश्मनी का प्रचार बताया जो पड़ोसियों में फूट डालना चाहता है। उन्होंने कहा कि हमलों को अस्थायी रूप से रोकना माफी नहीं है।
ईरान पड़ोसी मित्र देशों से अच्छे रिश्ते चाहता है लेकिन आक्रमणों का डटकर मुकाबला करेगा। राष्ट्रपति ने एकजुटता का आह्वान किया, कहा कि किसी गुट की परवाह किए बिना पूरी ताकत से दुश्मन का सामना करेंगे। हम अपनी धरती का एक इंच भी नहीं खोने देंगे।
विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चेतावनी दी कि ईरान किसी हमले का जवाब देगा। सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी ने अमेरिका-इजरायल के लक्ष्यों को अवास्तविक ठहराया। वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट कहती है कि बड़े हमले भी ईरान सरकार नहीं गिरा पाएंगे, जो ट्रंप के छोटे युद्ध दावे पर सवाल उठाती है। ईरान की मजबूत प्रतिरोध की तैयारी जारी है।