
यरुशलम। रविवार को ईरान द्वारा दागी गई मिसाइल ने इजरायल के बेत शेमेश शहर के एक आवासीय इलाके को निशाना बनाया, जिसमें कम से कम नौ लोग मारे गए। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, हमले से कई घर बुरी तरह ध्वस्त हो गए, जिससे इलाके में हाहाकार मच गया।
मिसाइल सीधे रिहायशी क्षेत्र में गिरी, जहां एक सिनागॉग और सार्वजनिक बम शेल्टर पूरी तरह नष्ट हो गए। आसपास के भवनों को भी गहरा नुकसान हुआ है। शहर के मेयर श्मुएल ग्रीनबर्ग ने बताया कि 20 निवासियों से अभी संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने कहा, ‘इसका मतलब यह नहीं कि उनके साथ कुछ बुरा हुआ है। हम उन्हें खोजने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे।’
इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने ईरान पर नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया। एक्स पर जारी बयान में आईडीएफ ने कहा कि ईरानी मिसाइलें बेत शेमेश के नागरिक इलाके पर सीधे तैनात की गईं, जिसकी वजह से मासूम जिंदगियां गईं। आईडीएफ ने जोर देकर कहा कि वे आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले करते हैं, जबकि ईरान नागरिकों को युद्ध का हथियार बनाता है।
इससे पहले आईडीएफ ने तेहरान में ईरान के सशस्त्र बल प्रमुख अब्दोलरहीम मौसावी, सात अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को मार गिराने का दावा किया था। ये कार्रवाइयां खुफिया सूत्रों पर आधारित थीं और ईरानी आतंकी नेटवर्क को तोड़ने की रणनीति का हिस्सा हैं।
ईरान-इजरायल के बीच तनाव चरम पर है। दोनों तरफ से हमलों का दौर जारी है, जिससे मध्य पूर्व में अस्थिरता बढ़ रही है। क्षेत्रीय शांति पर खतरा मंडरा रहा है।