
मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी तनाव के बीच कतर से एक दुखद खबर आई है। ओडिशा के एक भारतीय नागरिक की 7 मार्च को हार्ट फेलियर से मौत हो गई। कतर में भारतीय दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
दूतावास ने बयान जारी कर कहा, ‘हम मृतक ओडिया नागरिक के परिवार के प्रति हार्दिक शोक संदेश भेजते हैं। पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने की प्रक्रिया के लिए ओडिया समुदाय और कंपनी के प्रतिनिधियों के संपर्क में हैं।’
इस घटना से पहले सऊदी अरब के अल खरज में प्रोजेक्टाइल हमले की खबर ने भारतीय समुदाय को चिंतित कर दिया था। वहां दो लोगों की मौत और 12 घायल होने की सुचना मिली, जिसमें एक भारतीय और एक बांग्लादेशी होने की अफवाहें उड़ीं।
लेकिन सऊदी दूतावास ने इसे सिरे से खारिज कर दिया। एक्स पर पोस्ट में कहा गया, ‘अल खरज की घटना में किसी भारतीय की मौत नहीं हुई। काउंसलर ने घायल भारतीय से अस्पताल में मुलाकात की। वह अब बेहतर है।’
ईरान की आईआरजीसी ने अल खरज के रडार सिस्टम पर हमले का दावा किया था, जहां प्रिंस सुल्तान एयरबेस स्थित है। यह अमेरिकी सेना का अड्डा है, जो हाल के हफ्तों में कई हमलों का शिकार हो चुका।
लाखों भारतीय प्रवासियों के साथ खाड़ी देशों में ऐसी घटनाएं चिंता बढ़ाती हैं। दूतावास सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जो परिवारों के लिए राहत का काम कर रही है।