
कुआलालंपुर: दो दिवसीय मलेशिया यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम ने शनिवार को एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया। कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भारत की आर्थिक प्रगति की शानदार कहानी बयां की।
अनवर इब्राहिम को व्यक्तिगत स्वागत और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धन्यवाद देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह भारत के प्रति उनके प्रेम का प्रतीक है। 800 नर्तकों का सांस्कृतिक प्रदर्शन देखने लायक था, जो वर्षों तक याद रहेगा।
अनवर के साथ पुरानी दोस्ती का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने उनकी सुधारों पर नजर, बुद्धिमत्ता और 2025 आसियान अध्यक्षता की तारीफ की। संक्रांति, पोंगल, थाईपुसम सहित आगामी महाशिवरात्रि, रमजान व हरि राया की बधाई दी।
भारत को दुनिया की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था बताते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘मेक इन इंडिया से हम मोबाइल फोन का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक बने। 2014 से रक्षा निर्यात 30 गुना बढ़ा। तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब हैं हम। विश्व का सबसे बड़ा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और फिनटेक इकोसिस्टम तैयार किया। सौर ऊर्जा क्षमता एक दशक में 40 गुना उछली।’
पीएम ने कहा कि भारत अब निवेश व व्यापार का केंद्र है। भारत-मलेशिया संबंधों पर बोलते हुए उन्होंने प्रवासी समुदाय की कुर्बानियों का उल्लेख किया, जिनमें नेताजी की आजाद हिंद फौज में पहले शामिल होने वाले शामिल थे। मलेशिया में 500 से अधिक स्कूलों में भारतीय भाषाओं की शिक्षा पर ‘मन की बात’ में चर्चा का जिक्र किया। यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करेगा।