
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की अमेरिका-इजरायल हमले में मौत के बाद लेबनान के दक्षिणी इलाके से हिजबुल्लाह ने इजरायल की ओर रॉकेट दागे। यह नवंबर 2024 के संघर्ष विराम के बाद पहला ऐसा हमला है।
लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने सोमवार को सोशल मीडिया पर कड़ा बयान जारी करते हुए दक्षिणी लेबनान से रॉकेट दागे जाने को गैर-जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि यह इजरायल को हमले जारी रखने का बहाना दे रहा है और देश की सुरक्षा को खतरे में डाल रहा है।
सालाम ने हिजबुल्लाह का नाम लिए बिना कहा, ‘चाहे कोई भी इसके पीछे हो, यह कदम लेबनान के लिए संदिग्ध और खतरनाक है। हम देश को नई मुश्किलों में नहीं धकेलने देंगे और दोषियों पर कार्रवाई करेंगे।’
इजरायल ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की। सेना ने हिजबुल्लाह नियंत्रित क्षेत्रों पर हवाई हमले बोले। आईडीएफ ने बताया कि एक रॉकेट रोका गया, बाकी खुले इलाकों में गिरे। उत्तरी इजरायल में सायरन बजे।
आपातकालीन सेवाओं के अनुसार कोई हताहत नहीं, लेकिन शेल्टर की ओर भागते कई लोगों को मामूली चोटें आईं। नॉर्दर्न कमांड प्रमुख आरएफ मिलो ने कहा, ‘हिजबुल्लाह ने ईरान को चुना और हमारे नागरिकों पर हमला किया। वे भारी कीमत चुकाएंगे।’
यह घटनाक्रम मध्य पूर्व में तनाव को नई ऊंचाई पर ले गया है। लेबनान सरकार का हिजबुल्लाह पर नियंत्रण कितना प्रभावी होगा, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।