
ईरान में विरोध प्रदर्शनों का दौर दो सप्ताह से अधिक बीत चुका है, लेकिन ये रुकने का नाम ही नहीं ले रहे। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में बताए जा रहे मृतकों के आंकड़े बेहद भयावह हैं। यूरोपीय संघ ने इस बढ़ती मौतों की संख्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने एक्स पर पोस्ट कर स्थिति को भयानक बताया। उन्होंने ईरानी सुरक्षा बलों द्वारा बल प्रयोग और स्वतंत्रता पर लगातार पाबंदियों की कड़ी निंदा की।
लेयेन ने कहा कि यूरोपीय संघ ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स को मानवाधिकार उल्लंघन के लिए अपनी प्रतिबंध सूची में शामिल कर लिया है। विदेश नीति की उपाध्यक्ष काया कलास के साथ मिलकर दमनकारी तत्वों पर अतिरिक्त पाबंदियां लगाने का प्रस्ताव शीघ्र पेश किया जाएगा।
उन्होंने ईरान के आम नागरिकों के प्रति एकजुटता जताते हुए कहा, ‘हम ईरान के उन लोगों के साथ खड़े हैं जो स्वतंत्रता के लिए साहसपूर्वक संघर्ष कर रहे हैं।’
इधर, रॉयटर्स के अनुसार एक ईरानी अधिकारी ने 2,000 से अधिक मौतों का दावा किया है।
दोहा में कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद अल-अंसारी ने अमेरिका की धमकियों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तनाव बढ़ने से क्षेत्रीय विनाश हो सकता है, इसलिए कूटनीतिक हल निकालना जरूरी है। कतर सभी पक्षों से वार्ता में लगा हुआ है।
