
ईरान में दो सप्ताह से अधिक समय से जारी विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या बेहद भयावह बताई जा रही है। यूरोपीय संघ ने इन घटनाक्रम पर गंभीर चिंता व्यक्त की है और ईरानी सुरक्षा बलों की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर इसे भयानक बताया। उन्होंने बल के अत्यधिक प्रयोग और स्वतंत्रता पर लगातार पाबंदियों की आलोचना की। उन्होंने लिखा, ‘ईरान में मौतों की बढ़ती संख्या भयानक है। मैं बल के दुरुपयोग और स्वतंत्रताओं पर निरंतर प्रतिबंधों की कड़ी भर्त्सना करती हूं।’
उन्होंने बताया कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) को यूरोपीय संघ के मानवाधिकार प्रतिबंध सूची में पूरी तरह शामिल किया गया है। काया कलास के साथ मिलकर दमनकारी तत्वों पर अतिरिक्त पाबंदियां लगाने का प्रस्ताव शीघ्र पेश किया जाएगा।
उन्होंने ईरानी जनता के प्रति एकजुटता जताते हुए कहा कि संघ स्वतंत्रता के लिए संघर्षरत लोगों के साथ खड़ा है। दूसरी ओर, रॉयटर्स के अनुसार ईरानी अधिकारी ने 2,000 मौतों का दावा किया है।
दोहा में कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद अल-अंसारी ने अमेरिका की धमकी पर चिंता जताई। उन्होंने तनाव बढ़ने के विनाशकारी परिणामों से बचने और कूटनीतिक हल खोजने पर जोर दिया। कतर सभी पक्षों से बातचीत में लगा हुआ है।