
दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटॉर्म एक्स पर एक ऐसा पोस्ट किया है, जो सोचने पर मजबूर कर देता है। गुरुवार को उन्होंने लिखा, ‘जिसने भी कहा कि पैसे से खुशी नहीं खरीदी जा सकती, वह वाकई जानता था कि क्या कह रहा है।’ साथ में एक सैड इमोजी भी जोड़ा। उनकी संपत्ति 852 अरब डॉलर पहुंच चुकी है, फिर भी यह पोस्ट खुशी और पैसे के बीच के फासले को बयां करता है।
इस हफ्ते स्पेसएक्स ने मस्क की एआई कंपनी एक्सएआई को खरीद लिया। फोर्ब्स के मुताबिक, इससे उनकी दौलत में 84 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। स्पेसएक्स अब उनकी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है। टेस्ला में भी उनकी हिस्सेदारी है और भविष्य में 1 ट्रिलियन डॉलर का पैकेज मिल सकता है।
मस्क ने जॉन डी. रॉकफेलर, जेफ बेजोस और बिल गेट्स को पीछे छोड़ दिया। एक्स पर वे बेहद सक्रिय रहते हैं, जहां वे अपनी राय बेबाकी से रखते हैं। लेकिन यह पोस्ट उनके निजी भावों को उजागर करता है।
इधर, फ्रांस में मुश्किलें बढ़ीं। मंगलवार को पेरिस पुलिस ने एक्स के दफ्तर पर छापा मारा। जनवरी 2025 से चल रही जांच में एल्गोरिदम के दुरुपयोग से लेकर ग्रोक चैटबॉट के यौन डीपफेक और होलोकॉस्ट इनकार वाले कंटेंट पर नजर है। यूरोपोल की मदद से कार्रवाई हुई।
मस्क और पूर्व सीईओ लिंडा याकारिनो को अप्रैल में पेश होने का समन। कर्मचारियों से गवाह के तौर पर पूछताछ होगी। अभियोजक लॉरे बेकुओ ने जांच का दायरा बढ़ाया। मस्क की यह टिप्पणी बताती है कि अरबों की दौलत भी हर दुख मिटा नहीं सकती।