चीन के उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग ने होंग कॉंग निवेश शिखर सम्मेलन को दिया संबोधन

होंग कॉंग अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय नेताओं का निवेश शिखर सम्मेलन सोमवार से बुधवार तक चीन के विशेष प्रशासनिक क्षेत्र में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान चीन के उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग ने वीडियो के माध्यम से संबोधित किया।
अपने भाषण में उन्होंने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हमेशा होंग कॉंग के विकास को प्राथमिकता देते हैं। केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के कारण होंग कॉंग में स्थिरता और समृद्धि का माहौल लगातार मजबूत हो रहा है। इसी सिलसिले में अर्थव्यवस्था और सामाजिक क्षेत्र में भी नई उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
हे लिफेंग ने बताया कि चीन की 15वीं पंचवर्षीय योजना 2026 से 2030 तक में होंग कॉंग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने और उसे राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से बेहतर तरीके से जोड़ने के लिए ठोस प्रावधान शामिल किए गए हैं। इसी दिशा में होंग कॉंग ने भी राष्ट्रीय योजना के अनुरूप अपनी पहली पंचवर्षीय योजना तैयार की है। इससे सामाजिक सहमति सुधरेगी, नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और विकास को नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि होंग कॉंग का विकास सदैव मातृभूमि के विकास से जुड़ा रहा है। केंद्र सरकार को होंग कॉंग की पंचवर्षीय योजना के कार्यान्वयन और उसके भविष्य के विकास पर पूर्ण विश्वास है। उप प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार दीर्घकालिक समृद्धि और स्थिरता के लिए पहले की तरह निरंतर सहयोग प्रदान करती रहेगी।
उनके अनुसार होंग कॉंग एक देश, दो प्रणाली के लाभों का पूर्ण उपयोग करते हुए उच्च स्तर का खुला आर्थिक वातावरण बनाए रखेगा। वह अपने वित्तीय क्षेत्र की नींव को मजबूत करेगा, अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय केंद्र के रूप में अपनी स्थिति को और सुदृढ़ करेगा तथा वित्तीय सेवाओं के जरिए अर्थव्यवस्था को बेहतर सहयोग देगा। होंग कॉंग को अपनी पंचवर्षीय योजना को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए राष्ट्रीय विकास में और अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों में उतार-चढ़ाव आए, परंतु शांति, विकास, सहयोग और साझा लाभ की भावना समय की प्रमुख मांग बनी रहेगी। चीन उच्च स्तरीय खुलेपन को लगातार बढ़ावा देता रहेगा और दुनिया के सभी देशों को चीनी शैली के आधुनिकीकरण से पैदा होने वाले नए अवसरों में भागीदारी के लिए आमंत्रित करता है। इसका उद्देश्य विश्व अर्थव्यवस्था की समृद्धि और स्थिरता के लिए मिलकर और अधिक योगदान देना है।
