
बीजिंग से एक बड़ी खबर आ रही है। नानजिंग विश्वविद्यालय ने कृषि क्षेत्र के लिए दुनिया का पहला वर्टिकल लार्ज लैंग्वेज मॉडल सिनांग लॉन्च किया है। यह पूरी तरह ओपन सोर्स है और खेतीबाड़ी में क्रांति लाने की क्षमता रखता है।
चीन कृत्रिम बुद्धिमत्ता में पहले से ही वैश्विक नेता है। सिनांग को पशु विज्ञान, कृषि अर्थव्यवस्था, संसाधन प्रबंधन, बागवानी, स्मार्ट फार्मिंग, पशु चिकित्सा, पौध संरक्षण और फसल प्रजनन जैसे क्षेत्रों के विशाल डेटासेट पर प्रशिक्षित किया गया है।
इसमें करीब 9 हजार किताबें, 2.4 लाख शोध पत्र, 20 हजार नीति दस्तावेज और इंटरनेट डेटा शामिल हैं। प्राचीन चीनी कृषि अधिकारियों के नाम पर रखे गए इस मॉडल का उद्देश्य किसानों और वैज्ञानिकों को नई तकनीक उपलब्ध कराना है।
मॉडलस्कोप और गिटहब पर उपलब्ध सिनांग से शोध संस्थानों और कंपनियों को नवाचार के नए अवसर मिलेंगे। यह स्मार्ट कृषि को बढ़ावा देगा और उत्पादकता में वृद्धि करेगा।
15वीं पंचवर्षीय योजना के दौर में चीन एआई पर विशेष जोर दे रहा है। सिनांग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो कृषि को आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।