
ब्राजील के मिनस गेरैस प्रांत में भारी बारिश का कहर जारी है। अब तक 68 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें जुइज डे फोरा में 62 और उबा में 6 शामिल हैं। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि मलबे से शव बरामद होने और अस्पतालों में घायलों की मौत से आंकड़ा बढ़ा है।
जुइज डे फोरा में 3 और उबा में 2 लोग लापता हैं। बचाव दल भारी मशीनरी, खोजी कुत्तों और ट्रेनेड स्टाफ की मदद से मलबे में दबे लोगों को खोज रहे हैं। घरों के मलबे में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।
सोमवार दोपहर की तेज बारिश से नदियां उफान पर आ गईं, जिससे पुल और अंडरपास ध्वस्त हो गए। पेड़ गिरने से सड़कें अवरुद्ध हो गईं। राष्ट्रपति लुला दा सिल्वा ने पीड़ित परिवारों और बचावकर्मियों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
प्रांत के गवर्नर रोमियो जेमा ने तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की। रक्षा मंत्रालय ने सेना की टुकड़ियों को तैनात कर मलबा हटवाया, भोजन पहुंचाया, अस्थायी कैंप बनाए और राहत कार्य तेज किए। यह विपदा ब्राजील की मौसमी चुनौतियों को उजागर करती है।