
कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में जंगल की आग का भयावह संकट जारी है। शुक्रवार तक राज्य में लगभग 30 स्थानों पर आग भड़क रही है। 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान और तेज हवाओं के कारण हजारों लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश दिया गया है। इस आपदा में दो वयस्कों और एक बच्चा लापता हैं, जिनका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
विक्टोरिया पुलिस के डिप्टी कमिश्नर बॉब हिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कंट्री फायर अथॉरिटी ने गुरुवार को मध्य विक्टोरिया के निवासियों को तत्काल निकासी की चेतावनी दी थी। जब अधिकारी लौटे तो उनका घर पूरी तरह जल चुका था। प्रीमियर जैसिंटा एलन और आपात सेवाओं के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मेलबर्न से 105 किमी दूर रफी शहर में कई मकान नष्ट हो चुके हैं। पड़ोसी इलाकों और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों के लोगों को भी घर त्यागने को कहा गया है। चार जिलों में खतरा सबसे ऊंचे स्तर का घोषित किया गया है, जो 2019 के बाद पहली बार है।
प्रीमियर एलन ने चेतावनी दी, ‘शुक्रवार विक्टोरिया के लिए सबसे घातक दिनों में से एक हो सकता है। आग पूरे राज्य में फैली है। आदेश मिला हो तो बिना विलंब निकलें, रुकना जानलेवा है।’
कंट्री फायर अथॉरिटी के जेसन हेफरनन ने कहा कि उत्तर विक्टोरिया में तापमान 46 डिग्री तक पहुंचेगा। दोपहर में बिजली गिरने से नई आग लग सकती है। हवाओं से आग अनियंत्रित हो रही है।
फायरफाइटर्स दिन-रात संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन मौसम बिगड़ने से चुनौतियां बढ़ रही हैं। यह संकट 2019 की काली यादें ताजा कर रहा है।
