
अफगानिस्तान में एक और भूकंप ने देश को हिला दिया है। जर्मन रिसर्च सेंटर के अनुसार, गुरुवार को दक्षिण-पूर्वी अफगानिस्तान में 5.8 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था। यह भूकंप इस हफ्ते की शुरुआत में आए भूकंपों की एक श्रृंखला के बाद आया है, जिसमें 2,200 से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई और 3,600 से अधिक घायल हुए। गांव तबाह हो गए और हजारों लोग बेघर हो गए। इससे पहले, रविवार को कुनार और नंगरहार प्रांतों में 6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे भीषण तबाही मची थी। करीब 1400 लोगों की जान चली गई और हजारों बेघर हो गए। संयुक्त राष्ट्र और अन्य एजेंसियों ने भोजन, आश्रय और चिकित्सा आपूर्ति की तत्काल आवश्यकता बताई है। भारत ने अफगानिस्तान को 21 टन राहत सामग्री भेजी है।






