
काबुल। पाकिस्तान द्वारा हाल ही में किए गए हवाई हमलों के खिलाफ अफगानिस्तान ने कड़ा जवाब देते हुए गुरुवार रात सीमा पर जबरदस्त कार्रवाई की। इस्लामिक अमीरात के अधिकारियों ने दावा किया है कि दुश्मन की 15 चौकियों पर अब तक कब्जा कर लिया गया है।
उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर बताया कि इस अभियान में कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और कुछ को जिंदा पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि दुश्मन के विरुद्ध कार्रवाई तेजी से चल रही है और सीमावर्ती इलाकों में रणनीतिक सफलताएं हासिल हो रही हैं।
डूरंड लाइन पर तैनात आधुनिक लेजर युक्त दलों ने भी रात के अंधेरे में ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बयान में स्पष्ट किया गया कि दुश्मन की हर हरकत को निशाना बनाया जाएगा।
यह कार्रवाई तब हुई जब संयुक्त राष्ट्र ने पुष्टि की थी कि पाकिस्तानी वायुसेना ने नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में हमले किए, जिसमें 13 नागरिक मारे गए। इनमें महिलाएं व बच्चे शामिल थे। बेहसूद, खोगियानी, बरमल और ओर्गुन जिलों में स्कूल, मस्जिद और घरों को निशाना बनाया गया।
पाकिस्तान की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है, जो पूरे क्षेत्र के लिए खतरा बन सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि जल्द संयम बरतना जरूरी है।