
जिनेवा के प्रतिष्ठित पैलेस ऑफ नेशंस में हाल ही में 9वें चीन अंतर्राष्ट्रीय आयात एक्सपो (सीआईआईई) और होंगछ्याओ अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मंच के परामर्श सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह आयोजन वैश्विक व्यापार सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय व्यापार केंद्र (आईटीसी), संयुक्त राष्ट्र व्यापार एवं विकास सम्मेलन (यूएनसीटीएडी) और विश्व व्यापार संगठन जैसे संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। निकारागुआ, केप वर्डे तथा कजाकिस्तान के राजनयिकों के अलावा स्विस सेंटर जैसे साझेदार संस्थानों से 30 से अधिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आईटीसी की उप कार्यकारी निदेशक डोरोथी टेम्बो ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में सीआईआईई ने विश्व भर के उद्यमियों, खरीदारों और उपभोक्ताओं को एक मंच पर लाकर उनके बीच संपर्क, ज्ञान आदान-प्रदान और दीर्घकालिक साझेदारी को बढ़ावा दिया है।
यूएनसीटीएडी की अंतर्राष्ट्रीय व्यापार एवं वस्तु प्रभाग की निदेशक लूईस मारिया डे ला मोरा ने चीन की बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था को मजबूत करने, दक्षिण-दक्षिण सहयोग को प्रोत्साहन देने तथा विकास के अंतर को पाटने में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
चीन के जिनेवा मिशन की मिनिस्टर काउंसलर ल्यांग होंग ने सीआईआईई को अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के लिए एक प्रमुख सार्वजनिक उत्पाद बताया, जो साझा भविष्य समुदाय की अवधारणा का जीवंत उदाहरण है।
सीआईआईई ब्यूरो एवं होंगछ्याओ फोरम के प्रतिनिधि सोंग शांगचे ने बताया कि मंच का लक्ष्य सामूहिक सहमति बनाना, वैश्विक खुलेपन को बढ़ावा देना तथा संयुक्त राष्ट्र 2030 सतत विकास एजेंडे का समर्थन करना है। सभी प्रतिनिधियों ने इन प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच यह सम्मेलन व्यापारिक एकजुटता का प्रतीक बन गया, जो समावेशी विकास की राह प्रशस्त कर रहा है।