
पेशावर। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में मंगलवार को शकरदरा रोड पर हथियारबंद बदमाशों ने एक पुलिस वाहन पर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में डीएसपी समेत सात पुलिसकर्मी शहीद हो गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, हमलावरों ने डीएसपी को निशाना बनाया था, जो अपने दो गार्डों के साथ मौके पर ही ढेर हो गए।
हमले की सूचना मिलते ही कोहाट से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके को घेर लिया। हमलावरों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी।
प्रदेश के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा की और इसे आतंकी घटना करार दिया। उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। गवर्नर ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
कुंडी ने कहा कि दक्षिणी जिलों में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है, फिर भी पुलिस डटकर मुकाबला कर रही है। सीआरएसएस की 2025 वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रांत में हिंसा में भारी उछाल आया है। 2024 में 1620 मौतें हुईं, जो 2025 में बढ़कर 2331 हो गईं।
सोमवार को करक जिले में क्वाडकॉप्टर हमले में एफसी के तीन जवान शहीद हुए। उसके बाद घोले बंदा डैम के पास एम्बुलेंस पर फायरिंग में तीन रेस्क्यूकर्मी घायल हुए और वाहन जल गया। पिछले हफ्ते बाजौर में चेकपोस्ट पर 11 सुरक्षाकर्मी और एक मासूम बच्ची मारी गई। ये घटनाएं प्रांत में बढ़ते आतंकवाद का संकेत दे रही हैं।