
रानीपेट। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार को रानीपेट में टाटा मोटर्स-जगुआर लैंड रोवर के अत्याधुनिक विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने टाटा समूह की उपलब्धियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और राज्य के साथ इसके मजबूत रिश्ते पर जोर दिया।
स्टालिन ने कहा कि टाटा स्टील, आईटी, विमानन, ऑटो, उपभोक्ता उत्पाद, आतिथ्य और टेलीकॉम जैसे क्षेत्रों में अग्रणी है। यह एक सच्चा भारतीय बहुराष्ट्रीय समूह है जिसका ब्रांड वैश्विक स्तर पर सम्मानित है। तमिलनाडु देश का प्रमुख ऑटोमोबाइल उत्पादन केंद्र है और इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है।
इस नए प्लांट को चुनना राज्य के लिए गौरव का विषय है। यहां जगुआर लग्जरी कारें और रेंज रोवर का स्थानीय उत्पादन होगा, जो अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए तैयार होंगी। सीएम ने कहा कि तमिलनाडु वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम है।
उन्होंने सभी जिलों में संतुलित विकास, सामाजिक न्याय और महिलाओं के उत्थान पर द्रविड़ मॉडल की प्रतिबद्धता दोहराई। उद्योग मंत्री टीआरबी राजा की तारीफ करते हुए कहा कि निवेश को जल्द अमल में लाना जरूरी है। टाटा चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को धन्यवाद देते हुए और अधिक संयंत्रों की अपील की। राज्य का बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर और कुशल श्रम इसे निवेश का आदर्श स्थल बनाते हैं।