
नई दिल्ली में बुधवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उद्योग संघों के 1000 से अधिक प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने भारत के विस्तारते एफटीए नेटवर्क से उत्पन्न हो रहे अभूतपूर्व अवसरों को भुनाने का जोरदार आग्रह किया।
एक्स पर पोस्ट में मंत्री ने त्वरित तैयारी, नए बाजारों की तलाश, ‘ब्रांड इंडिया’ को सशक्त बनाने, गुणवत्ता-उत्पादकता सुधार तथा वैश्विक स्पर्धा में अग्रणी बनने पर बल दिया। उन्होंने कहा, ‘पीएम मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर मैंने उद्योगों से नवाचार, ऊर्जा दक्षता, बेहतर लॉजिस्टिक्स, रिसर्च और मजबूत निर्यात तंत्र विकसित कर ‘विकसित भारत 2047′ साकार करने का संकल्प लेने को कहा।’
इससे पहले गोयल ने चिली के विदेश मंत्री फ्रांसिस्को पेरेज मैककेना व अन्य नेताओं संग ‘भारत-चिली व्यापार गोलमेज’ की अगुवाई की। बहुमूल्य खनिज, खाद्य प्रसंस्करण, स्वास्थ्य, स्वच्छ ऊर्जा, तकनीकी हस्तांतरण जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाओं पर चर्चा हुई।
गोयल ने कहा, ‘भारत-चिली सीईपीए के तहत रोमांचक सहयोग के द्वार खुलेंगे, जो संबंधों को मजबूत कर व्यवसायों व नागरिकों के लिए नई राहें प्रशस्त करेंगे।’
पिछले 10 दिनों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने निर्यात प्रोत्साहन, एफटीए वार्ताओं की प्रगति, एयरबस, लोरियल, कैरियर, एलवीएमएच जैसी कंपनियों से निवेश चर्चाओं का उल्लेख किया। असम का ओडीओपी शहद अमेरिका निर्यात हुआ, भारत-कनाडा सीईपीए का दूसरा दौर संपन्न। एसपीएस स्वीकृतियों की समीक्षा से कृषि-मत्स्य निर्यात को बल मिलेगा।
