
देश की प्रमुख बिजली कंपनी एनटीपीसी 2047 तक 30 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। केंद्रीय विद्युत राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने लोकसभा में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना केंद्र सरकार के 100 गीगावाट परमाणु क्षमता के राष्ट्रीय लक्ष्य का हिस्सा है।
सभी जरूरी मंजूरियों के बाद एनटीपीसी ने एनटीपीसी न्यूक्लियर एनर्जी कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनपीयूसीएनएल) नामक पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी का गठन किया है। यह कंपनी परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं को आगे बढ़ाएगी।
मंत्री ने राजस्थान के बांसवाड़ा में एनपीसीआईएल के साथ संयुक्त उद्यम अनु शक्ति विद्युत निगम लिमिटेड के तहत 4×700 मेगावाट की माही बांसवाड़ा परमाणु परियोजना (एमबीआरएपीपी) का जिक्र किया। अनुमान है कि पहली इकाई का परीक्षण 2032-33 तक शुरू हो जाएगा।
एनटीपीसी ने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के लिए ईओआई जारी की है। हाल ही में गुजरात-राजस्थान में सौर परियोजनाओं से 359.58 मेगावाट क्षमता बढ़ी, कुल वाणिज्यिक क्षमता 85.5 गीगावाट से अधिक हो गई।
एनटीपीसी की स्थापित क्षमता 85 गीगावाट से ज्यादा है, 30.90 गीगावाट निर्माणाधीन जिसमें 13.3 गीगावाट नवीकरणीय शामिल। 2032 तक 60 गीगावाट नवीकरणीय लक्ष्य रखा है। थर्मल, हाइड्रो, सौर, पवन से देश को सस्ती बिजली मुहैया करा रही है।