
भारतीय शेयर बाजार में सुधार के प्रारंभिक संकेत नजर आ रहे हैं। पीएल कैपिटल की नई रिपोर्ट के अनुसार, बेस केस परिदृश्य में निफ्टी 12 महीनों में 27,958 के स्तर तक पहुंच सकता है।
रिपोर्ट में तीन परिदृश्यों का जिक्र है- बुलिश में 20 गुना फॉरवर्ड अर्निंग्स पर 30,497, बेस में 27,958 और बेयरिश में 26,486।
प्रति शेयर आय में 3.8 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है, जबकि वित्त वर्ष 2026-28 में 16.3 प्रतिशत सीएजीआर के साथ मजबूत वृद्धि दिख रही है। कंपनियों का प्रदर्शन शानदार है- बिक्री में 9.9, ईबीआईटीडीए में 16.4 और शुद्ध लाभ में 16.7 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी।
नीतिगत स्पष्टता, ऐतिहासिक व्यापारिक समझौते और बुनियादी ढांचे का विकास भारत को विकास के निर्णायक मोड़ पर ले जा रहा है। बाजार का लंबा समेकन अब आशावाद का नया दौर खोल रहा है।
संस्थागत इक्विटी रिसर्च निदेशक अमनिश अग्रवाल ने कहा, ‘भारत चक्रीय सुधार से संरचनात्मक विकास की ओर बढ़ रहा है। पूंजी निर्माण और उत्पादकता में तेजी से शेयर बाजार बहुवर्षीय चक्रवृद्धि वृद्धि के प्रारंभिक चरण में है।’
भारत-यूरोपीय संघ एफटीए व्यापार कूटनीति की सफलता है, जो वस्त्र, समुद्री उत्पाद, चमड़ा, रत्न-आभूषण, रसायन, मशीनरी जैसे क्षेत्रों को फायदा पहुंचाएगा। रोजगार सृजन वाले समुद्री निर्यात, चमड़े और रत्नों में मांग बढ़ेगी। अवसंरचना-रक्षा में तेजी से पूंजीगत वस्तुओं को लाभ।