
नई दिल्ली। यात्रा की दुनिया में नया दौर शुरू हो गया है। ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी इक्सिगो ने अपने ऐप का पूरी तरह एआई आधारित नया संस्करण लॉन्च कर दिया है। कंपनी के प्रमुख टेक इवेंट ‘इक्सिगो नेक्स्ट’ में इसकी घोषणा की गई। अब यात्री स्क्रीन पर उंगलियां नचाने की बजाय स्मार्ट एआई साथी से बातचीत करके सफर की सारी तैयारी कर सकेंगे।
सह-संस्थापक व ग्रुप को-सीईओ रजनीश कुमार ने बताया कि ऐप में ‘तारा’ नामक बहुमुखी एआई असिस्टेंट जोड़ा गया है। यह यात्रा खोजने से लेकर बुकिंग और प्रबंधन तक हर कदम पर मदद करता है। अंग्रेजी, हिंदी व हिंग्लिश में आवाज, टेक्स्ट या टैप से बातचीत संभव है।
कुमार ने जोर देकर कहा कि यह कोई साधारण चैटबॉट नहीं, बल्कि ऐप का अभिन्न हिस्सा है। कंपनी ने पुराने प्लेटफॉर्म को तोड़कर एआई को केंद्र में रख नया सिस्टम बनाया है। भविष्य में ट्रैवल एआई एजेंट्स पर चलेगा, जो लगातार सहायता देगा।
नौकरियों पर एआई के प्रभाव पर कुमार ने कहा कि तकनीक दोहराव वाले काम ऑटोमेट करती है, लेकिन नए अवसर पैदा करती है। प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्रा टालने की अपील पर उन्होंने कहा कि देशहित में ऐसे फैसलों का सम्मान जरूरी है।
इक्सिगो उपयोगकर्ताओं की परेशानियों को समझकर समाधान देती है। यह लॉन्च यात्रियों के लिए आसान व स्मार्ट ट्रैवल का द्वार खोलता है।
