
नई दिल्ली। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव ने एविएशन उद्योग को हिला दिया है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान किया कि 14 मार्च से सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा। यह शुल्क 425 रुपये से लेकर 2,300 रुपये तक होगा, जो रूट के आधार पर निर्धारित किया गया है।
मध्य पूर्वी भू-राजनीतिक अस्थिरता के कारण जेट फ्यूल की कीमतें 85 प्रतिशत से ज्यादा उछल चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय एयर ट्रांसपोर्टेशन एसोसिएशन (आईएटीए) के आंकड़ों के मुताबिक, यह तेजी एयरलाइंस के परिचालन खर्च को आसमान छू रही है।
इंडिगो का कहना है कि यह कदम लागत को संभालने के लिए जरूरी है। घरेलू रूट्स पर न्यूनतम शुल्क से शुरू होकर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर यह काफी अधिक होगा। इससे पहले एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी 12 मार्च से 399 रुपये का घरेलू सरचार्ज लगाया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पश्चिम एशिया के लिए 10 डॉलर, अफ्रीका के लिए 30-90 डॉलर और दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए 20-60 डॉलर अतिरिक्त वसूला जाएगा। एयरलाइंस इसे चरणबद्ध तरीके से लागू कर रही हैं ताकि यात्रियों पर एक साथ बोझ न पड़े।
यात्रियों को अब ऊंची टिकट दरों का सामना करना पड़ेगा। अगर मिडिल ईस्ट का संकट लंबा खिंचा तो हवाई यात्रा महंगी बनी रहेगी। इंडिगो ने सेवा की निरंतरता बनाए रखने का भरोसा दिलाया है।