चुनाव आयोग ने हाल ही में मतदाता सूची का मसौदा जारी किया है। बिहार में नवंबर 2025 में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। चुनाव आयोग ने मतदाताओं के पुनर्निरीक्षण के बाद मसौदा जारी किया है, लेकिन विपक्ष का कहना है कि प्रक्रिया जल्दबाजी में हुई है। कई मतदाताओं ने गलत जानकारी की बात कही है, जिसके बाद अब कई लोग वोटर लिस्ट में यह जांचना चाहते हैं कि उनका नाम, फोटो और अन्य जरूरी विवरण सही हैं या नहीं?
वोटर लिस्ट में नाम जांचने के लिए, आपके पास कुछ जरूरी चीजें होनी चाहिए, जैसे वोटर आईडी कार्ड पर लिखा EPIC नंबर। विवरण जांचने के लिए, आपको इस नंबर के अलावा नाम, जन्म तिथि, आयु, विधानसभा क्षेत्र और जिले की जानकारी भी दर्ज करनी होगी। आप तीन तरीकों से विवरण सत्यापित कर सकते हैं।
पहला तरीका: electoralsearch.eci.gov.in पर जाएं। वेबसाइट खुलने पर, वोटर लिस्ट में विवरण जांचने के लिए आपको तीन विकल्प दिखाई देंगे: EPIC द्वारा खोजें, विवरण द्वारा खोजें और मोबाइल द्वारा खोजें।
EPIC द्वारा खोजें: यदि आप इस विकल्प का चयन करते हैं, तो आपको पहले भाषा, फिर EPIC नंबर और राज्य चुनना होगा। इन सभी विवरणों को भरने के बाद, कैप्चा कोड दर्ज करें और सर्च पर क्लिक करें।
विवरण द्वारा खोजें: इस विकल्प को चुनने पर, पहले राज्य और भाषा का चयन करें। फिर नाम, पिता/पति का नाम, उम्र, जन्म तिथि, लिंग, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र और जिला चुनें। सभी जरूरी विवरण भरने के बाद, कैप्चा दर्ज करें और सर्च करें।
मोबाइल द्वारा खोजें: यदि आप इस विकल्प का चयन करते हैं, तो पहले राज्य, फिर भाषा का चयन करने के बाद आपसे मोबाइल नंबर दर्ज करने के लिए कहा जाएगा। यहां आपको वह नंबर डालना है जो वोटर आईडी से लिंक है। इसके बाद कैप्चा डालकर सेंड ओटीपी पर क्लिक करें। आपके नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी डालकर सर्च करें।