
माइक्रोसॉफ्ट के एआई प्रमुख मुस्तफा सुलेमान ने एक चौंकाने वाली भविष्यवाणी की है। फाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अगले 12 से 18 महीनों में कंप्यूटर पर होने वाले अधिकांश ऑफिस काम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस संभाल लेगा। खासतौर पर व्हाइट-कॉलर जॉब्स जैसे वकील, अकाउंटेंट, प्रोजेक्ट मैनेजर और मार्केटिंग के काम।
माइक्रोसॉफ्ट ‘प्रोफेशनल-ग्रेड एजीआई’ विकसित कर रहा है, जो इन पेशेवरों के अधिकतर काम स्वतंत्र रूप से कर सकेगा। सुलेमान का मानना है कि एआई अब सिर्फ तेजी नहीं लाएगा, बल्कि कई नौकरियों को ही समाप्त कर सकता है। उन्होंने साफ कहा, ‘कंप्यूटर पर बैठकर होने वाले ये काम पूरी तरह एआई के हवाले हो जाएंगे।’
कंपनियों के लिए यह वरदान साबित हो सकता है। दोहराव वाले रोजमर्रा के टास्क एआई संभालेगा, जिससे कम स्टाफ में ज्यादा काम हो सकेगा। ओपनएआई पर निर्भरता कम करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट अपने मॉडल खुद बना रहा है। भविष्य में एआई बनाना ब्लॉग लिखने जितना आसान होगा।
दुनिया भर में छंटनी शुरू हो चुकी है। ओरेकल 20,000-30,000 कर्मचारियों को हटाने की योजना में है, जबकि अमेजन ने 16,000 नौकरियां खत्म कीं। भारत में PwC की रिपोर्ट कहती है कि 2035 तक एआई अर्थव्यवस्था में 550 अरब डॉलर जोड़ेगा – कृषि से स्वास्थ्य तक।
सरकार का इंडिया एआई मिशन 1.2 अरब डॉलर की फंडिंग के साथ कंप्यूटिंग, डेटा और ट्रेनिंग मुहैया करा रहा है। सवाल यह है कि क्या नई नौकरियां पुरानी हानि की भरपाई करेंगी?