
नई दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 172 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा हो चुका है। यह योजना स्टेशनों को आधुनिक रूप देकर यात्रियों को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करने पर केंद्रित है। स्टेशन भवनों, वेटिंग हॉल और शौचालयों का उन्नयन किया गया है, साथ ही आसपास के क्षेत्रों से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की गई है।
यात्री भार के अनुरूप चौड़े फुट ओवर ब्रिज, एस्केलेटर, लिफ्ट, बेहतर पार्किंग और पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम जोड़े गए हैं। मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन और कियोस्क से यात्रियों को सुगमता मिलेगी। योजना में पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन, आधुनिक ट्रैक और सिटी सेंटर की अवधारणा शामिल है। कुल 1337 स्टेशनों को चिह्नित किया गया है।
इसके अलावा, रेल पुलों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। 2022 से दिसंबर 2025 तक 8626 पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और पुनर्निर्माण हुआ। पुलों का निरीक्षण साल में दो बार होता है- मानसून पूर्व और विस्तृत मानसून पश्चात। कुछ मामलों में अधिक जांच होती है। सबवे और आरयूबी में जलभराव रोकने के उपाय किए गए हैं। पुल मैनुअल के अनुसार कार्य होते हैं, गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त निगरानी है।