मध्य प्रदेश। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कुणाल की रिद्धि संग शादी हो गई है। दोनों की शादी में कई दिग्गज नेता शामिल हुए। शुक्रवार को भोपाल में वेलेंटाइन डे पर शादी समारोह रखा गया था। शादी समारोह में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समेत उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विपक्ष के कई नेता शामिल हुए। रात 8 बजे से शुरू हुआ शादी समारोह देर रात तक चला।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शादी समारोह की तस्वीर शेयर करते हुए कहा – इष्टदेव की कृपा, पूर्वजों के आशीर्वाद और सभी स्नेहीजनों की मंगलकामनाओं से आज बेटे कुणाल और रिद्धि का आशीर्वाद समारोह सानंद संपन्न हुआ। रिद्धि बहू नहीं, बेटी बनकर घर आ रही है। अपने परिवार में उसका स्वागत करते हुए दिल गर्व और खुशी से भर गया है। आप सभी आत्मीयजनों का आभार, जिन्होंने अपनी उपस्थिति, प्यार व आशीर्वाद से इस विशेष दिन को और यादगार बना दिया। यह दिन हमेशा हमारी यादों में बसेगा और आपकी शुभकामनाएं कुणाल एवं रिद्धि के नए जीवन की आधारशिला बनेंगी। नए सफर की इस खूबसूरत शुरुआत पर कुणाल और रिद्धि को अनगिनत शुभकामनाएं और अनंत आशीर्वाद!
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस शादी समारोह में शामिल हुए थे। उन्होंने एक्स पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा – आज भोपाल में माननीय केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के सुपुत्र के वैवाहिक समारोह में सम्मिलित होकर नवदंपति कुणाल और रिद्धि को शुभकामनाएं दी। आप दोनों का दाम्पत्य जीवन सुख, समृद्धि और प्रेम से परिपूर्ण रहे, ऐसी मंगलकामनाएं हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने शादी समारोह में कांग्रेस के कई नेताओं को आमंत्रित किया था। शादी समारोह में पुर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए।
