
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का एक रोमांचक मुकाबला शुक्रवार को खेला गया, जहां जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 2 विकेट पर 169 रन बनाए, जिसका पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 19.3 ओवर में 146 पर आउट हो गई।
इस ऐतिहासिक जीत पर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, ‘जिम्बाब्वे की ओर से यह एक मजबूत बयान वाली जीत है। ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से मात देना अद्भुत जज्बे को दिखाता है। ब्लेसिंग मुजारबानी ने वाकई अपने नाम के अनुरूप 4 विकेट लेकर कमाल कर दिया। यह टूर्नामेंट बेहद रोमांचक हो रहा है।’
जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी में ब्रायन बेनेट ने 56 गेंदों पर नाबाद 64 रन ठोके। रयान बर्ल और तदिवानाशे मारुमानी ने 35-35 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। दूसरी ओर, मैट रेनशॉ ने 44 गेंदों पर 65 रन बनाए, लेकिन ग्लेन मैक्सवेल के 31 रनों के बावजूद टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने जिम्बाब्वे की फील्डिंग की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘बल्लेबाजी-गेंदबाजी शानदार रही, लेकिन टोनी मुनयोंगा की फील्डिंग ने दबाव बनाया। उन्होंने 12-15 रन बचाए और डीप मिडविकेट पर शानदार कैच लेकर मैच समाप्त किया। संतुलित पिचें इस वर्ल्ड कप को खास बना रही हैं।’
लगातार दूसरी जीत से जिम्बाब्वे ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर खिसक गया। यह जीत टी20 क्रिकेट की अप्रत्याशितता को दर्शाती है।