
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर कई रिकॉर्ड बना दिए। श्रीलंका द्वारा दिए गए 179 रनों के लक्ष्य को जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह जीत न केवल टूर्नामेंट में उनका दूसरा बड़ा उलटफेर है, बल्कि कई ऐतिहासिक आंकड़े भी स्थापित किए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन बनाए। पथुम निसांका ने 41 गेंदों पर 62 रन ठोके, तो पवन रत्नायके ने 25 गेंदों पर 44 रनों की पारी खेली। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने हालांकि दबाव बनाए रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत ब्रायन बेनेट और तदिवानाशे मारुमानी ने की, जिन्होंने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। मारुमानी 34 रन बनाकर लौटे। रयान बर्ल ने 12 गेंदों पर 23 रन जोड़े। कप्तान सिकंदर रजा ने बेनेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रन बनाए, रजा 26 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए। बेनेट 48 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से नाबाद 63 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
यह जिम्बाब्वे का टी20आई में दूसरा सबसे बड़ा चेज है और श्रीलंका के खिलाफ वर्ल्ड कप में दूसरा। टीम ने 7 छक्के लगाए, जो टूर्नामेंट में उनका रिकॉर्ड है। फुल मेंबर टीम के खिलाफ यह उनकी पांचवीं जीत है। बेनेट अब सीन विलियम्स के साथ संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस पारियों के धनी बल्लेबाज हैं। जिम्बाब्वे का यह प्रदर्शन टूर्नामेंट को और रोचक बना रहा है।