
यशस्वी जायसवाल को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में चुना गया है। हालांकि, सीरीज शुरू होने से पहले ही उन्होंने अपनी पहचान बना ली है। भारत के इस बाएं हाथ के ओपनर को TIME मैगजीन ने सराहा है। अमेरिका की इस प्रतिष्ठित पत्रिका ने दुनिया के 100 सबसे उभरते हुए प्रभावशाली लोगों की सूची में यशस्वी को जगह दी है। खास बात यह है कि TIME मैगजीन की इस सूची में जगह बनाने वाले यशस्वी जायसवाल न केवल भारत के, बल्कि दुनिया के एकमात्र क्रिकेटर हैं। TIME मैगजीन ने इस सूची के लिए दुनिया भर से लोगों को चुना है, चाहे वे मनोरंजन, खेल, राजनीति, फैशन या किसी अन्य क्षेत्र से हों। अपने-अपने क्षेत्रों में जिन लोगों ने भी अपना प्रभाव छोड़ा है, उन्हें TIME की 100 नेक्स्ट की सूची में जगह मिली है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस सूची में जगह बनाने के लिए TIME की ओर से उम्र की कोई सीमा नहीं थी। खेल जगत से इस लिस्ट में कुल 5 खिलाड़ियों को जगह मिली है, जिसमें लैमिन यामल, पैगे ब्यूकर्स, टेलर फ्रिट्ज़, जीनो थितिकुल और यशस्वी जायसवाल शामिल हैं। लैमिन यामल फुटबॉलर हैं, पैगे ब्यूकर्स बास्केटबॉल खिलाड़ी हैं, टेलर फ्रिट्ज़ टेनिस प्लेयर हैं, जीनो थितिकुल गोल्फर हैं और यशस्वी जायसवाल क्रिकेटर हैं। इस सूची की एक और खास बात यह है कि इसमें 50 से अधिक महिलाओं ने अपनी जगह बनाई है, और सबसे कम उम्र की व्यक्ति 16 साल की एलिस्टन बेरी हैं।





